अनूपपुर। कोयलांचल क्षेत्र अमलाई कॉलरी के शनिचरी बाजार के पास बिना उचित सहारे के खड़ा विद्युत पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। पोल की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय रहवासियों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक सुधार कार्य नहीं कराया गया है। इससे आसपास के लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार कनिष्ठ अभियंता कार्यालय चचाई के अंतर्गत आने वाला यह विद्युत पोल कई दिनों से असुरक्षित स्थिति में खड़ा है। आसपास बाजार और आवासीय क्षेत्र होने के कारण यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। तेज हवा या अन्य कारणों से पोल गिरने की आशंका बनी हुई है।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों का कहना है कि पोल को सुरक्षित करने और उचित सपोर्ट देने के लिए कई बार विद्युत विभाग को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। रहवासियों ने मांग की है कि किसी अप्रिय घटना से पहले पोल की मरम्मत कर उसे सुरक्षित किया जाए।

सहायक अभियंता ने दिया आश्वासन

मामले में अनूपपुर के सहायक अभियंता शुभम डाबर ने बताया कि विद्युत पोल की असुरक्षित स्थिति की जानकारी मिली है। चचाई स्थित कनिष्ठ अभियंता कार्यालय को सूचित कर संबंधित पोल को व्यवस्थित और सुरक्षित कराने की व्यवस्था की जाएगी।