अनूपपुर 24 अक्टूबर 2026/ मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी समर्पण भाव से कार्य करें। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी नियमित रिपोर्टिंग भी की जाए।
प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास विभागों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, वन मंडलाधिकारी अनूपपुर श्री डेविड वेंकटराव चनाप, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम, एसडीएम अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निजी स्कूलों में फीस वसूली पर निगरानी रखने, प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण करने तथा निजी विद्यालयों की सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ में व्यवस्थाओं में सुधार के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, जनजातीय कार्य, खनिज, नगरीय प्रशासन, सामाजिक न्याय, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, श्रम, परिवहन एवं उद्योग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने जिले में अब तक आयोजित 12 मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने शिविरों के माध्यम से की गई गतिविधियों एवं अभियान की प्रगति से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया।