अनूपपुर। जमीन के नाम पर लाखों रुपये लेने और बाद में संबंधित भूमि पर स्वामित्व नहीं होने की जानकारी सामने आने के बाद अब पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। जमीन दलाल विजय कुमार श्रीवास्तव पर 1 लाख 20 हजार रुपये लेने और दो साल बाद भी रकम वापस नहीं करने का आरोप लगाते हुए वार्ड क्रमांक 4 अनूपपुर निवासी सावन अग्रवाल ने 30 अक्टूबर को थाना प्रभारी अनूपपुर को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कराकर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 18 दिसंबर 2024 को सावन अग्रवाल कि जमीन दलाल विजय कुमार श्रीवास्तव निवासी वार्ड क्रमांक 10, जैतहरी रोड, शांति नगर अनूपपुर से ग्राम सीतापुर स्थित जमीन के उपयोग के संबंध में बातचीत हुई थी। आरोप है कि विजय श्रीवास्तव ने खसरा नंबर 10/1/1/1/2/1/1/1/4, रकबा 0.023 हेक्टेयर (लगभग 2475 वर्गफीट) भूमि को अपना प्लॉट बताते हुए उसके उपयोग के लिए देने की बात कही और इसके एवज में 1 लाख 20 हजार रुपए नकद प्राप्त किए। इस दौरान शपथ पत्र भी निष्पादित कराया गया।
जांच में स्वामित्व नहीं होने की मिली जानकारी
आवेदक का आरोप है कि बाद में जब उसने उक्त भूमि के उपयोग की प्रक्रिया शुरू की तो जानकारी मिली कि संबंधित भूमि विजय श्रीवास्तव के स्वामित्व में नहीं है। शिकायतकर्ता ने इसे फर्जी खसरा नंबर के आधार पर रकम प्राप्त करने का मामला बताते हुए कहा है कि जब उसने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपी द्वारा लगातार टालमटोल की जा रही है।
रकम वापस दिलाने और कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने थाना प्रभारी से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए, उससे ली गई 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि वापस दिलाई जाए तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए। शिकायत के साथ शपथ पत्र की छायाप्रति और खसरे की मूल प्रति संलग्न किए जाने का उल्लेख भी किया गया है।