शहडोल। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इनकार करने के आरोप में 23 वर्षीय युवती की शिकायत पर शहडोल महिला थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। जांच हेतु बुढार थाने के केशवाही चौकी को डायरी भेजा गया जहां महिला एएसआई को जांच दी गई, परंतु जांच अभी तक फाइलों में ही चल रही है। यही कारण है कि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। आरोप लगाते हुए पीडि़ता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। युवती का कहना है कि न्याय पाने के लिए उसे दर-दर भटकना पड़ रहा है, लेकिन अब तक उसे राहत नहीं मिली है। एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम बरतर निवासी युवती की पहचान केशवाही चौकी क्षेत्र के निवासी कनिष्क सिंह से वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। इसके बाद जनवरी 2024 से दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए। युवती का आरोप है कि कनिष्क ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया था। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि 29 अक्टूबर 2024 को कनिष्क उसे घूमाने के बहाने ग्राम कुम्हारी स्थित खाली पड़े बाड़े में ले गया, जहां शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती के मुताबिक, इसके बाद भी कई बार दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। उसने यह भी आरोप लगाया कि कनिष्क के कहने पर उसने गर्भपात की गोलियां ली थीं और वह तीन बार गर्भवती हुई थी। युवती ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि कनिष्क ने शारीरिक संबंध बनाते समय वीडियो बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देता था। शिकायत के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को दोनों के बीच आखिरी बार शारीरिक संबंध बने। युवती का आरोप है कि बाद में कनिष्क ने कहीं और शादी करने की बात कहकर उससे विवाह करने से इनकार कर दिया और 3 अक्टूबर 2026 से बातचीत भी बंद कर दी।

जीरो एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप
मामले में युवती का आरोप है कि जीरो एफआईआर दर्ज होने के बावजूद केशवाही पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पीडि़ता न्याय के लिए पुलिस के चक्कर लगा रही है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उसे निराशा हो रही है। युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली व्यक्ति है, जिसके चलते पुलिस कार्रवाई करने में कथित तौर पर आनाकानी कर रही है। हालांकि, आरोपी के प्रभाव और पुलिस की निष्क्रियता के संबंध में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों से जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप
पीडि़ता का कहना है कि आरोपी के परिजनों की ओर से उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं। युवती के मुताबिक, उसे गोली मरवाने और जान से खत्म कर देने जैसी धमकियां मिल रही हैं। इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। युवती ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने और अपने लिए न्याय एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
12 अक्टूबर को दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर
पुलिस दस्तावेज के अनुसार, युवती की लिखित शिकायत पर शहडोल महिला थाने में 12 अक्टूबर 2026 को रात 8:45 बजे जीरो एफआईआर क्रमांक 074 दर्ज की गई। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 69 का उल्लेख है। जिसके बाद केशवाही चौकी में मामले को जांच हेतु भेजा गया था, परंतु आज तक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नही कर पाई है।