अनूपपुर। जिला मुख्यालय के व्यस्त मार्गों पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित व्यावसायिक गतिविधियां आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही हैं। कलेक्ट्रेट से अंडरब्रिज की ओर जाने वाले मार्ग पर सामतपुर स्थित शिव मारुति मंदिर के पीछे कृषि यंत्रों का कारोबार अब सडक़ तक फैल गया है। दुकान के सामने ही नहीं, बल्कि सडक़ के दूसरी ओर खाली पड़ी भूमि पर भी बड़ी संख्या में कृषि मशीनरी रखकर बिक्री की जा रही है। इसके चलते मार्ग संकरा हो गया है और आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुकान के बाहर और सडक़ के दोनों ओर कृषि यंत्र रखे होने से पहले ही वाहनों के निकलने के लिए सीमित जगह बचती है। ऐसे में जब बड़ी मशीनों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जाता है अथवा उनके अलग-अलग पार्ट्स जोड़ने का काम किया जाता है, तब यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। कई बार मशीनों को बीच सडक़ पर खड़ा करना पड़ता है, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग जाती है।
लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान बढ़ती है परेशानी
कृषि यंत्रों की खेप लेकर आने वाले भारी वाहन भी परेशानी बढ़ा रहे हैं। मशीनों को उतारने के लिए ट्रक और अन्य भारी वाहन सडक़ किनारे खड़े किए जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। व्यस्त मार्ग पर इस तरह व्यापारिक गतिविधियां संचालित होने से दोपहिया वाहन चालकों, चारपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सडक़ बनी व्यापारिक गतिविधियों का कार्यस्थल
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान परिसर के भीतर व्यापारिक गतिविधियां संचालित करने के बजाय सडक़ से सटकर कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, रखरखाव और मशीनों की आवाजाही की जा रही है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं बनाई गई तो किसी आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य आवश्यक वाहनों के निकलने में भी परेशानी हो सकती है। लोगों ने सवाल उठाया है कि व्यस्त मार्ग पर इस तरह सडक़ का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई।
व्यवस्था सुधारने की उठाई मांग
स्थानीय नागरिकों ने यातायात प्रभारी से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर सडक़ पर रखे कृषि यंत्रों को हटवाया जाए। मशीनों की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए निर्धारित स्थान और समय तय किया जाए तथा यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
इनका कहना है
"मैं तत्काल टीम भेजकर जानकारी लेता हूं। यदि कृषि यंत्रों के दुकानदारों द्वारा सडक़ पर जाम लगाया जा रहा है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।"
विनोद दुबे, यातायात प्रभारी, अनूपपुर