कर्नाटक हादसे में अनूपपुर के 2 श्रमिकों के असामयिक निधन, 2 घायल

पार्थिव देह ससम्मान लाने के लिए कलेक्टर व सीईओ सक्रिय

कर्नाटक हादसे में अनूपपुर के 2 श्रमिकों के असामयिक निधन, 2 घायल

कर्नाटक हादसे में अनूपपुर के 2 श्रमिकों के असामयिक निधन, 2 घायल
पार्थिव देह ससम्मान लाने के लिए कलेक्टर व सीईओ सक्रिय
दुर्घटना में घायल दो श्रमिक की स्थिति सामान्य उपचार उपरांत किए गए डिस्चार्ज

अनूपपुर। कर्नाटक प्रांत की एक ग्रेनाइट खदान में चट्टान धंसने से हुई आकस्मिक हृदयविदारक दुर्घटना में अनूपपुर जिले के 2 श्रमिकों के असामयिक निधन पर जिला प्रशासन ने गहरा शोक व चिंता व्यक्त की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम पंचायत सेमरवार (वार्ड नंबर 9) निवासी 36 वर्षीय भुवनेश्वर सिंह गोंड एवं ग्राम पंचायत सिंधौरा निवासी 22 वर्षीय राजेश कुमार चौधरी दुर्घटना में प्रभावित हुए है। घायल छोटेलाल एवं गुलाब सिंह की वर्तमान में स्थिति उपचार उपरांत सामान्य है। दोनों दिवंगतो के पार्थिव देह को पूर्ण ससम्मान और सुरक्षित रूप से उनके गृह ग्राम वापस लाने तथा दुर्घटना से प्रभावित घायलों के समुचित इलाज व देखभाल के लिए तत्परता से प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हर्षल पंचोली ने इस आकस्मिक दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए जिले के संबंधित टीम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे कर्नाटक के स्थानीय प्रशासन, अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से निरंतर संपर्क रखकर समन्वय सुनिश्चित करें। उन्होंने आश्वस्त किया है कि दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीरों को शीघ्र गृह जिला लाने और घायल श्रमिकों को हर संभव चिकित्सकीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के साथ पूरी की जा रही हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी भी संपूर्ण प्रशासनिक समन्वय की बारीकी से निगरानी कर रही हैं। प्रभावित परिवारों के निरंतर संपर्क व सभी जरूरी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा कराया जा रहा है, ताकि गृह विभाग और अन्य माध्यमों से समन्वय कर पार्थिव देह ससम्मान शीघ्र अनूपपुर लाई जा सके।
जनपद अध्यक्ष ने 25-25 लाख मुआवजे की मांग उठाई
कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना स्थित एक ग्रेनाइट खदान में हुए दर्दनाक हादसे में अनूपपुर जिले के जैतहरी जनपद क्षेत्र के 2 मजदूरों की मौत पर जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह व सदस्यों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) जैतहरी को ज्ञापन सौंपकर मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम तक पहुंचाने तथा अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
सरकार की गलत नीतियों से बढ़ रहा पलायन, कर्नाटक हादसे पर सीटू ने उठाए सवाल
कर्नाटक में अनूपपुर जिले के 2 श्रमिकों की दर्दनाक मौत पर सीटू जिला समिति अनूपपुर ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसके लिए मध्यप्रदेश सरकार की नीतियों और कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। सीटू जिला नेता कामरेड जुगुल किशोर राठौर ने कहा कि मनरेगा में बढ़ते मशीनीकरण, मजदूरी भुगतान में देरी और भ्रष्टाचार के कारण ग्रामीण मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध अनूपपुर जिले में कोयला उद्योग और पावर प्लांट होने के बावजूद स्थानीय बेरोजगारों को पर्याप्त रोजगार नहीं मिल रहा है। राठौर ने कहा कि दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों का ठेकेदारों द्वारा शोषण और मजदूरी हड़पने की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं। उन्होंने वर्ष 2022 की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि कर्नाटक के कोलार जिले में अनूपपुर के पोड़ी निवासी दिनेश सिंह गोंड़ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोप है कि ठेकेदार इलाज कराने में भी लापरवाही बरत रहा था। सीटू के हस्तक्षेप के बाद उनका इलाज कराया गया और वर्कमेन कम्पनसेशन एक्ट के तहत क्षतिपूर्ति का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सीटू ने राज्य सरकार से मांग की है कि मनरेगा को उसकी मूल भावना के अनुरूप संचालित किया जाए, 100 दिनों के रोजगार को बढ़ाकर कम से कम 200 दिन किया जाए, मजदूरी का भुगतान 7 से 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए, न्यूनतम मजदूरी 600 रुपये प्रतिदिन निर्धारित की जाए तथा जिले के उद्योगों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने के लिए सख्त नियम बनाए जाएं।

Comments (0)

Sign in to join the discussion