गुरुजनों के सम्मान से सजा शिक्षक दिवस, सकरा में शिक्षकों का हुआ आत्मीय अभिनंदन

सेवानिवृत्त शिक्षकों के घर पहुंचकर विद्यालय परिवार ने किया सम्मान, गुरु-शिष्य परंपरा का दिया संदेश

गुरुजनों के सम्मान से सजा शिक्षक दिवस, सकरा में शिक्षकों का हुआ आत्मीय अभिनंदन

मुकेश पटेल 9644544570

अनूपपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सकरा, जनपद पंचायत जैतहरी में गुरुजनों के सम्मान का गरिमामय एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार ने शिक्षक दिवस को यादगार बनाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य आदरणीय सोनी सर ने की। मुख्य अतिथि जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राम खेलावन राठौर, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अनूपपुर एवं जीवेन्द्र सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष नगर पालिका परिषद अनूपपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सकरा के सरपंच, विद्यालय परिवार, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

समारोह के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला भेंटकर आत्मीय सम्मान किया गया। अतिथियों ने कहा कि शिक्षक समाज की वह आधारशिला हैं, जो विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन की सही दिशा भी प्रदान करते हैं। राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण और सर्वोपरि रही है।

सेवानिवृत्त शिक्षकों के घर पहुंचकर किया सम्मान

शिक्षक दिवस को विशेष और यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिवार एवं अतिथियों ने एक सराहनीय पहल करते हुए सेवानिवृत्त शिक्षकों के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्हें शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला भेंट की गई तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके लंबे समय तक दिए गए अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।

सेवानिवृत्त शिक्षकों के घर पहुंचकर सम्मान करने की इस पहल ने समारोह को औपचारिक कार्यक्रम से आगे बढ़ाते हुए आत्मीयता और संवेदनशीलता से जोड़ दिया। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखने का संदेश भी दिया गया।

शिक्षक दिवस का यह आयोजन गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को मजबूत करने के साथ समाज में शिक्षकों के सम्मान की भावना को बढ़ावा देने वाला रहा।

Comments (0)

Sign in to join the discussion

Related Stories