दिशा की बैठक में दो विधायकों की गैरमौजूदगी ने खड़े किये सवाल
अटक गई विकास की बात, अनूपपुर व कोतमा विधायक नही रख सके अपने अपनी बात
दिशा की बैठक में दो विधायकों की गैरमौजूदगी ने खड़े किये सवाल
अटक गई विकास की बात, अनूपपुर व कोतमा विधायक नही रख सके अपने अपनी बात
अनूपपुर। सांसद शहडोल हिमाद्री सिंह की अध्यक्षता में नर्मदा सभागार में 10 जुलाई को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। सांसद ने अधिकारियों को नियमित भ्रमण कर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा योजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत 210 बसाहटें चिन्हित हैं, जहां नल-जल योजना 2.0 से पेयजल आपूर्ति सुधारी जाएगी। विद्युतीकरण में 527 विद्युतविहीन मजरे-टोलों में से 99 में तथा 411 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 110 में कनेक्शन दिए जा चुके हैं। सिकल सेल एनीमिया कार्यक्रम में 32 हजार मरीज चिन्हित, 2,600 का नियमित उपचार जारी है। जल निगम की दम्हेड़ी, किरगी, नानघटी, झिलमिल, लपटी, मौहरी व सीतामढ़ी परियोजनाओं की समीक्षा हुई। वन विभाग की कैम्पा योजना में 15 दिनों में करीब 3 लाख पौधे रोपे गए तथा वनाधिकार पट्टा वितरण तेज करने के निर्देश दिए गए। जनजातीय विभाग के 65 अनुकंपा प्रकरण, पीआईयू के 16 कार्य, पीएमजीएसवाई के 95 कार्य, 435 मजरे-टोले संपर्क मार्ग व अनूपपुर फ्लाईओवर की भी समीक्षा हुई।
दिशा की बैठक से दो विधायकों ने बनाई दूरी
जिले में केंद्र सरकार की योजनाओं को गति देने और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित दिशा की महत्वपूर्ण बैठक में एक बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक गतिरोध सामने आया है। इस बैठक में अनूपपुर विधानसभा के विधायक व पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह और कोतमा विधायक दिलीप जायसवाल शामिल नहीं हुए। जनप्रतिनिधियों की इस अनुपस्थिति के कारण जिले के कई बड़े विकास प्रोजेक्ट्स और जनहित के मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी, जिससे क्षेत्र के विकास की बातें अधूरी रह गईं।
कलेक्टर की उपेक्षा से नाराज हैं पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह
सूत्रों के मुताबिक, अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह की जिला प्रशासन से नाराजगी जगजाहिर होती जा रही है। जब से जिले में कलेक्टर हर्षल पंचोली की पदस्थापना हुई है, तभी से विधायक और प्रशासन के बीच समन्वय की कमी देखी जा रही है।
नाराजगी की मुख्य वजहें
पत्रों का जवाब न मिलना: विधायक द्वारा जनहित में लिखे गए पत्रों का प्रशासनिक स्तर पर कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
प्रस्तावों को मंजूरी न मिलना: विधायक बिसाहूलाल सिंह द्वारा भेजे गए विकास कार्यों के प्रपोजल (प्रस्तावों) को स्वीकृत या स्वीकृत करने में देरी की जा रही है।
तवज्जो न देना: जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों को उचित प्रोटोकॉल और तवज्जो न देने की बात भी सामने आ रही है।
इसी प्रशासनिक उपेक्षा के चलते बिसाहूलाल अब न तो कलेक्ट्रेट कार्यालय जाते हैं और न ही जिला पंचायत की बैठकों में रुचि दिखा रहे हैं।
बैठक में न आने से छूटे अनूपपुर के ये 5 बड़े प्रोजेक्ट्स
विधायक बिसाहूलाल सिंह क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं। यदि वे दिशा की बैठक में शामिल होते, तो केंद्र और राज्य सरकार की इन बड़ी योजनाओं को बल मिल सकता था।
1. प्रयागराज-बिलासपुर नेशनल हाईवे: बिलासपुर से जैतहरी, फुनगा होते हुए प्रयागराज तक राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की मांग, जिससे अनूपपुर की अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी मजबूत होती।
2. वृहद सिंचाई परियोजना: भारत सरकार की सिंचाई योजना के तहत सिवनी, बलबहरा, चचााई बाबाकुटी अन्य स्थानों पर बड़े जलाशयों का निर्माण, जिससे हजारों किसानों को फायदा पहुंचना है।
3. हवाई अड्डा: जिले में हवाई कनेक्टिविटी को लेकर चर्चा।
4. कृषि महाविद्यालय: क्षेत्र के युवाओं के लिए कृषि कॉलेज की स्थापना का मुद्दा।
5. अधूरे निर्माण कार्य: लंबे समय से रुके हुए विकास कार्यों को गति देने की समीक्षा।
मुख्यमंत्री के निर्देश भी बेअसर, कलेक्टर ने नहीं की मुलाकात
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दखल के बाद भी गतिरोध दूर नहीं हुआ। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, 18 जून 2026 को भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्वयं अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली को फोन कर विधायक बिसाहूलाल सिंह से आपसी समन्वय बनाने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा था कि विधायक जी के साथ बैठकर चाय पीजिए और बेहतर विकास के लिए मिलकर कार्य करिए।
बड़ा सवाल: मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश के बावजूद कलेक्टर हर्षल पंचोली ने आज तक विधायक से मुलाकात या संवाद की कोई पहल नहीं की। प्रशासनिक हलकों में इसे मुख्यमंत्री के आदेश की अवहेलना और एक बड़ी प्रशासनिक खींचतान के रूप में देखा जा रहा है। विधायक और कलेक्टर के बीच जारी इस कोल्ड वॉर का सीधा खामियाजा अनूपपुर की जनता और यहां के विकास कार्यों को भुगतना पड़ रहा है।
Related Stories
197.50 करोड़ की परियोजना प्रस्तावित फिर भी अनूपपुर को रिंग रोड का इंतजार
1 min read · 3 सप्ताह पहले
पुल अधूरा, रपता बहा.... शॉर्टकट के फेर में डेम पार कर रहे लोग
1 min read · 1 सप्ताह पहले
डॉ. मोहन देश के पहले सीएम, जिन्होंने काफिले में शामिल की EV, दिया पीएम मोदी का संदेश
1 min read · एक महीने पहले
एमपी टेक ग्रोथ कॉनक्लेव 3.0 में लगभग 40 हज़ार करोड़ के निवेश हुए प्राप्त - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
1 min read · 1 सप्ताह पहले
बिजुरी पुलिस की अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, ₹3.05 लाख का ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
1 min read · 1 सप्ताह पहले
मोड़ पर ऑटो और बाइक की भिड़ंत, बाइक चालक समेत छह घायल; पांच महिलाओं को आई चोट
1 min read · 1 सप्ताह पहले