रक्षाबंधन पर रिश्तों से आगे बढ़ी इंसानियत, जरूरतमंद बहनों के साथ मनाया खुशियों का पर्व

युवा टीम उमरिया की प्रेरणामयी पहल, राखी बाँधकर बहनों को दिया स्नेह, सम्मान और अपनत्व का उपहार

रक्षाबंधन पर रिश्तों से आगे बढ़ी इंसानियत, जरूरतमंद बहनों के साथ मनाया खुशियों का पर्व
 
 
उमरिया। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर युवा टीम उमरिया, मध्यप्रदेश द्वारा एक अनूठी एवं प्रशंसनीय पहल करते हुए जरूरतमंद बहनों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार प्रेम, स्नेह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों से राखी बंधवाकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावनाओं को साझा किया गया तथा उन्हें उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की खुशियाँ बाँटी गईं।कार्यक्रम का उद्देश्य केवल राखी बंधवाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद बहनों तक स्नेह, अपनत्व और खुशियों का संदेश पहुँचाना था। युवा टीम के सदस्यों ने बहनों के साथ समय बिताया और उन्हें यह एहसास कराया कि समाज में उनके सुख-दुख को साझा करने वाले लोग भी उनके अपने हैं।इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी पंडित प्रकाश पालीवाल , पाली पुलिस से आरक्षक अमन गौतम  एवं सुदीप पटेल तथा युवा टीम उमरिया के हिमांशु तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग रहा।
 
“रक्षाबंधन सिर्फ एक धागा नहीं, भावनाओं का रिश्ता है” — पंडित प्रकाश पालीवाल
 
वरिष्ठ समाजसेवी पंडित प्रकाश पालीवाल  ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व है। जरूरतमंद बहनों के साथ त्योहार की खुशियाँ साझा करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने से बड़ी खुशी और सेवा का भाव कुछ नहीं हो सकता। युवा टीम उमरिया द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज में भाईचारे, अपनत्व और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
 
“हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी जरूरतमंद बहनों के साथ बाँटी रक्षाबंधन की खुशियाँ” — हिमांशु तिवारी
 
युवा टीम उमरिया के हिमांशु तिवारी ने बताया कि टीम द्वारा हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी जरूरतमंद बहनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसी पर एहसान करना नहीं, बल्कि समाज की उन बहनों के साथ खड़ा होना है, जिन्हें स्नेह, सम्मान और अपनत्व की आवश्यकता है।उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास भले ही छोटा हो, लेकिन किसी जरूरतमंद बहन के चेहरे पर आई मुस्कान हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है। रक्षाबंधन हमें केवल रिश्तों को निभाने का नहीं, बल्कि इंसानियत के रिश्तों को मजबूत करने का संदेश भी देता है।कार्यक्रम में राहुल सिंह, नेहा सिंह, दामिनी प्रधान एवं रुद्र प्रधान सहित अन्य सहयोगियों की उपस्थिति रही। वहीं बहनों में रागिनी बैगा, रुक्मणी कोल, माधुरी कोल एवं संध्या कोल सहित लगभग 30 जरूरतमंद बहनों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम के दौरान बहनों के चेहरों पर दिखाई दी खुशी और मुस्कान ने पूरे आयोजन को भावपूर्ण बना दिया। राखी के इस पावन पर्व पर स्नेह और अपनत्व का यह प्रयास समाज में मानवता एवं भाईचारे का सुंदर संदेश देता नजर आया। सेवा, समर्पण और संवेदना के भाव के साथ भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Comments (0)

Sign in to join the discussion

Related Stories