अनूपपुर। बकान नदी से मेडियारास होते हुए विवेकनगर तक जाने वाली सड़क बारिश के दौरान बुरी तरह उखड़ गई है। एकल मार्ग होने के कारण यहां जगह-जगह बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़क वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए हैं। आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक न तो गड्ढे भरे गए हैं और न ही क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त किया गया है।
बारिश समाप्त होने के बाद कलेक्टर रत्नाकर झा ने संबंधित अधिकारियों को सड़क के गड्ढे भरने, क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत कराने तथा मार्ग में जहां भी टूट-फूट और उखड़ने की स्थिति हो, उसे ठीक कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने से इन निर्देशों के पालन पर सवाल उठने लगे हैं।
एकल मार्ग पर सफर करना बना जोखिम
बकान नदी से मेडियारास होते हुए विवेकनगर तक का यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क उखड़ने और जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एकल मार्ग होने के कारण सामने से वाहन आने पर स्थिति और मुश्किल हो जाती है। ऐसे में गड्ढों से बचने के प्रयास में दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
आदेश के बाद भी मरम्मत का इंतजार
कलेक्टर के निर्देश के बाद लोगों को उम्मीद थी कि बारिश समाप्त होते ही सड़क की मरम्मत शुरू हो जाएगी और आवागमन सुरक्षित बनेगा। लेकिन अब तक गड्ढे नहीं भरे जाने और सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों की परेशानी बरकरार है। सवाल यह है कि जब सड़क की बदहाली दूर करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, तो फिर संबंधित विभाग द्वारा अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
क्षेत्रवासियों की मांग है कि सड़क के गड्ढों को तत्काल भरा जाए, क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत कराई जाए और उखड़े हुए हिस्सों को दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले मार्ग को सुरक्षित बनाया जा सके।