मुकेश पटेल 9644544570

 

 

अनूपपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर अनूपपुर यातायात पुलिस ने जागरूकता और प्रवर्तन की दोहरी रणनीति अपनाई है। पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब (IPS) के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

 

पिछले वर्ष 4 अक्टूबर तक जिले में 2753 चालान किए गए थे। वहीं, इस वर्ष 4 अक्टूबर तक चालान की संख्या बढ़कर 4670 पहुंच गई। यानी समान अवधि में 1917 अधिक चालान किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 70 प्रतिशत अधिक हैं।

 

इसी तरह यातायात कार्रवाई से प्राप्त शमन शुल्क में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। 4 अक्टूबर 2025 तक 16 लाख 70 हजार 800 रुपए शमन शुल्क प्राप्त हुआ था, जबकि 4 अक्टूबर 2026 तक यह राशि बढ़कर 24 लाख 47 हजार 400 रुपए हो गई। इस तरह शमन शुल्क में 6 लाख 76 हजार 600 रुपए की वृद्धि हुई, जो 46.48 प्रतिशत है।

 

चालान के साथ जागरूकता पर भी जोर

 

यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने यातायात पुलिस की मुहिम केवल चालान और जुर्माने तक सीमित नहीं रही। जिले में यातायात पाठशाला, ट्रैफिक चौपाल, स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को लेकर अभियान सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

इन अभियानों के माध्यम से वाहन चालकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के महत्व के बारे में समझाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य लोगों में यह संदेश देना है कि यातायात नियम केवल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं।

 

यातायात पुलिस के अनुसार आगे भी “जागरूकता पहले और नियम उल्लंघन पर सख्ती” की नीति के तहत अभियान जारी रहेगा। लक्ष्य अधिक से अधिक चालान करना नहीं, बल्कि सड़क पर अनुशासन बढ़ाना और दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।