मुकेश पटेल 9644544570
अनूपपुर 5 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से निकलने वाली "सेवा ज्योति कलश यात्रा" 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पहुंचेंगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सेवा ज्योति कलश यात्रा कार्यक्रम का आयोजन उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। कलेक्टर ने कार्यक्रम की तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले के कोल माइंस एवं औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े ग्रामों में ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन ग्रामों में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि संबंधित ग्रामों में सड़क, पेयजल, बैठक व्यवस्था, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर से बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
नवीन मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही की नियमित की जाए मॉनिटरिंग-कलेक्टर
कलेक्टर श्री झा ने जिले में नवीन मतदाता सूची के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, नवीन मतदाताओं के नाम दर्ज करने की प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीएलओ की बैठक लेकर उन्हें मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। साथ ही इस महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।
धान उपार्जन हेतु ज्यादा से ज्यादा किसानों का कराया जाए पंजीयन- कलेक्टर
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिला खाद्य अधिकारी से धान उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि जिले में अधिक से अधिक पात्र किसानों का धान उपार्जन हेतु पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए। इस दौरान उन्होंने गिरदावली एवं फार्मर आईडी बनाए जाने की प्रगति की भी जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि अनूपपुर जिले में निरंतर मॉनिटरिंग एवं प्रयासों के परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद कर उनकी समस्याओं को समझें तथा नियमानुसार उनका संतुष्टिपूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। इस दौरान कलेक्टर ने 1000 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर उनकी समस्याओं का परीक्षण करें तथा प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने आई-गोट मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आई-गोट पोर्टल पर जिले के सभी लोक सेवकों की शत-प्रतिशत सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवकों द्वारा निर्धारित न्यूनतम पाठ्यक्रम पूर्ण किए जाने तथा पोर्टल पर आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
इसी प्रकार कलेक्टर श्री झा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, श्रम विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, सहकारिता विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों एवं प्रगति की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर बालवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट सहित जिले के अन्य विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
लेखक
NewsDose