कक्षा से बनता है राष्ट्र, शिक्षक करता है भविष्य का निर्माण
पिपरिया में शिक्षक सम्मान समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ सम्पन्न
मुकेश पटेल 9644544570
अनूपपुर,। शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया में शिक्षक सम्मान समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी ओंकार सिंह धुर्वे ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं महान शिक्षाविद् तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संस्था के प्राचार्य राजेश शुक्ला ने अतिथियों का तिलक, पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। जिला शिक्षा अधिकारी ओंकार सिंह धुर्वे ने विद्यालय के शिक्षकों को शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। वहीं मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार निगम ने सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया।
गुरु का स्थान सर्वोच्च : ओंकार सिंह धुर्वे
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाता है और विद्यार्थी के व्यक्तित्व को आकार देकर उसे जीवन की सही दिशा प्रदान करता है।
शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि सफल विद्यार्थी : अनिल कुमार सिंह
प्रदेश जनजातीय प्रकोष्ठ प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक होना केवल नौकरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, साधना, तपस्या और राष्ट्र सेवा है। शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि उसका सफल विद्यार्थी होता है। उन्होंने कहा कि जब वर्षों बाद कोई विद्यार्थी अपने शिक्षक से कहता है कि आज वह जो कुछ है, शिक्षक की शिक्षा और आशीर्वाद के कारण है, तब शिक्षक का परिश्रम सार्थक होता है।
एक शिक्षक व्यक्ति नहीं, राष्ट्र का निर्माण करता है : डॉ. नरेन्द्र पटेल
संभागीय संगठन मंत्री डॉ. नरेन्द्र पटेल ने कहा कि विद्यालय और कक्षा राष्ट्र निर्माण की पहली प्रयोगशाला हैं। आज कक्षा में बैठा विद्यार्थी ही भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रशासक, सैनिक, किसान और जनप्रतिनिधि बनेगा। उन्होंने कहा कि तकनीक जानकारी दे सकती है, लेकिन शिक्षक विवेक और संस्कार प्रदान करता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में शिक्षक की भूमिका कम नहीं, बल्कि और महत्वपूर्ण हुई है।
शिक्षक का सम्मान उसकी सीख पर चलने में : संजय कुमार निगम
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार निगम ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षक का सम्मान केवल शिक्षक दिवस पर नहीं, बल्कि उसकी सीख को जीवन में उतारकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “गुरु के चरणों में झुकना सम्मान है, गुरु की सीख पर चलना सच्चा सम्मान है।”
प्राचार्य राजेश शुक्ला ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को केवल परीक्षा के अंकों से नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा और संभावनाओं के आधार पर देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक जीवन में सफलता दे सकते हैं, लेकिन अच्छे संस्कार जीवन को सार्थक बनाते हैं।
कार्यक्रम में संभागीय कोषाध्यक्ष रामकुमार राठौर, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राम भरोसे प्रजापति, सेवानिवृत्त शिक्षक प्यारेलाल साहू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जन शिक्षक सरोज शुक्ला ने किया। समारोह में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया गया।
Related Stories
शिक्षक सम्मान समारोह में गुरुजनों का किया सम्मान
1 min read · 2 दिन पहले
सीएम डॉ. मोहन ने एमपी में बैन किया एनालॉग पनीर, कहा- प्राकृतिक दूध के उत्पादों को करेंगे प्रोत्साहित
1 min read · 3 सप्ताह पहले
पदोन्नति के लिए पुलिस ने माना प्रदेश के मुखिया का आभार, सीएम डॉ. मोहन बोले- सरकार आपके लिए सबकुछ करेगी
1 min read · 4 सप्ताह पहले
खिले किसानों के चेहरे, सीएम डॉ. यादव ने अन्नदाता को दी 3,300 करोड़ से अधिक की सौगात, 82.70 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 4-4 हजार
1 min read · एक महीने पहले
शिक्षा विभाग के लंबित कार्यों की समीक्षा, 25 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश
1 min read · एक महीने पहले
197.50 करोड़ की परियोजना प्रस्तावित फिर भी अनूपपुर को रिंग रोड का इंतजार
1 min read · 2 महीने पहले