निविदा न वर्क आर्डर, तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भुगतान अटका

विधायक, पार्षद सहित मंदिर समिति ने लिखा पत्र, फिर भी नही मिली राशि

निविदा न वर्क आर्डर, तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भुगतान अटका

निविदा न वर्क आर्डर, तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भुगतान अटका

विधायक, पार्षद सहित मंदिर समिति ने लिखा पत्र, फिर भी नही मिली राशि

इंजीनियर बृजेश पांडेय और एडीएम कार्यालय में पदस्थ ऑपरेटर पर लगे आरोप 

अनूपपुर। नगर के वार्ड क्रमांक-10 स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के रजहा तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भुगतान अब तक नहीं होने से मामला चर्चा में आ गया है। 1 मई से 10 जून 2025 तक कार्य करने वाले ठेकेदार ने जेसीबी व स्थानीय टै्रक्टर के द्वारा कार्य कराया गया था। कार्य के दौरान 491 घंटा जेसीबी चलाई गई थी, जिसकी राशि 5 लाख 40 हजार 320 रूपए व उपयोग की गई चार टै्रक्टर की राशि 5 लाख 29 हजार 400 रूपए के लिए कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर है। युवक कृष्णपाल राठौर ने बताया कि काफी मिन्नते करने के बाद 81 हजार का भुगतान किया गया था, जिसमें 40 हजार रूपए नगद इंजीनियर बृजेश पांडेय के कहने पर राय पेट्रोल पंप में दे दिया गया था, महज अभी तक 41 हजार का भुगतान प्राप्त हुआ है।

पार्षद, विधायक, मंत्री व कलेक्टर तक लगा चुके गुहार

नगर पालिका क्षेत्र में कराए गए सौंदर्यीकरण एवं गहरीकरण कार्यों के भुगतान के लिए

पीड़त युवाओं ने बताया कि उन्होंने भुगतान के लिए कई बार विधायक बिसाहूलाल सिंह, अनुसूचित जनजाति आयोग के मंत्री रामलाल रौतेल तथा कलेक्टर हर्षल पंचोली से शिकायत की। विधायक द्वारा कई बार पत्राचार कर भुगतान कराने का आग्रह भी किया गया, लेकिन नगर पालिका के इंजीनियर बृजेश पांडे हर बार बजट का अभाव बताकर मामला टालते रहे। परिणामस्वरूप कार्य करने वाले युवा अपने ही मेहनताने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

डीजल देकर कराया गया काम, भुगतान अब तक नहीं

युवाओं ने आरोप लगाया कि इंजीनियर बृजेश पांडे और एडीएम कार्यालय में पदस्थ ऑपरेटर बाबूराम राठौर ने बिना वर्क ऑर्डर के उन्हें कार्य पर लगाया था। बाबूराम से काफी जान पहचान थी, उनसे कहा गया कि डीजल विभाग की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा और शेष भुगतान समय पर कर दिया जाएगा। भरोसे में आकर उन्होंने कार्य पूरा किया, लेकिन अब एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ है।

वर्क ऑर्डर को लेकर विरोधाभास

कार्य करने वाले युवाओं का कहना है कि उनके पास किसी भी प्रकार का लिखित वर्क ऑर्डर नहीं है। वहीं इंजीनियर बृजेश पांडे का दावा है कि कार्य वर्क ऑर्डर के माध्यम से ही कराया गया था और भुगतान संबंधी सभी फाइलें प्रक्रिया में हैं।

दूल्हा तालाब सौंदर्यीकरण का भी लाखों का भुगतान बकाया

जानकारी के अनुसार मार्च 2025 में लगभग 93 लाख रुपये की लागत से दूल्हा तालाब का सौंदर्यीकरण कराया गया था। इस कार्य में लगी फर्म पर्ल इंडिया को करीब 61 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि लगभग 32 लाख रुपये अब भी बकाया बताए जा रहे हैं। ठेकेदार लगातार नगर पालिका कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। इसके अलावा जिला मुख्यालय में निर्मित एक पगडंडी सडक़ का भुगतान भी लंबित बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार नगर पालिका के अंतर्गत ऐसे कई निर्माण एवं विकास कार्य हैं, जिनका भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। इससे ठेकेदारों और श्रमिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

युवा हुए कर्जदार

मुख्यमंत्री के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगरपालिका परिषद अनूपपुर द्वारा रजहा व दुल्हा तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया था। लाखों रुपये खर्च किए गए, जबकि अब तक केवल आंशिक भुगतान ही प्राप्त हुआ है। शेष राशि लंबित होने के कारण कार्य में लगे मजदूरों, मशीन संचालकों और ठेकेदारों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। इतना ही नही युवाओं ने बताया कि वह कर्जदार हो चुके है, अगर कार्य का भुगतान नही हुआ तो वह बर्बाद होने के कगार पर है। 

 

Comments (0)

Sign in to join the discussion