मुकेश पटेल 9644544570

 

 

अनूपपुर। सेवा संकल्प कलश यात्रा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों और वाहनों के शामिल होने को देखते हुए यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए रूटवार 7 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। पुलिस ने यात्रा में शामिल नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित मार्ग के अनुसार संबंधित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

कोतमा एवं अनूपपुर शहर की ओर से आने वाले वाहन

 

कोतमा से आने वाली कलश यात्रा तथा अनूपपुर शहर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए दो पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग क्रमांक 1 में बस एवं कार वाहनों के लिए स्मार्ट सिटी अनूपपुर के सामने स्थित रेलवे रैक प्वाइंट निर्धारित किया गया है। वहीं पार्किंग क्रमांक 2 में दोपहिया वाहनों के लिए स्मार्ट सिटी के बगल में श्री विवेक बियानी के निर्माणाधीन होटल परिसर को निर्धारित किया गया है।

 

पुष्पराजगढ़-अमरकंटक मार्ग

 

पुष्पराजगढ़ अथवा अमरकंटक की ओर से आने वाली कलश यात्रा में शामिल वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। पार्किंग क्रमांक 3 में बस एवं कार वाहनों के लिए अमरकंटक तिराहा के सामने, शराब दुकान के पीछे स्थित रेलवे रैक प्वाइंट निर्धारित है। वहीं पार्किंग क्रमांक 4 में दोपहिया वाहनों के लिए एचपी पेट्रोल पंप के सामने स्थित मेला ग्राउंड निर्धारित किया गया है।

 

बदरा-भालूमाड़ा-जैतहरी मार्ग

 

इस मार्ग से आने वाली अनूपपुर कलश यात्रा में शामिल वाहनों के लिए पार्किंग क्रमांक 5 पुरानी तहसील परिसर, पार्किंग क्रमांक 6 बरसाना पैलेस गार्डन और पार्किंग क्रमांक 7 आईटीआई कॉलेज ग्राउंड में निर्धारित की गई है

 

यातायात पुलिस ने नागरिकों से सड़क किनारे अथवा कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और पुलिसकर्मियों के दिशा-निर्देशों का पालन करने से यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग मिलेगा।