मुकेश पटेल 9644544570

 

 

अनूपपुर। नवरात्रि के पावन पर्व पर अनूपपुर जिला मुख्यालय में होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘दिलदार धमाल डांडिया’ का 11वां सीजन इस बार भी उत्साह, उमंग और रोमांच से भरने वाला है। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए बच्चों को इन दिनों विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शाम होते ही प्रशिक्षण स्थल पर थिरकते कदम, तालियों की गूंज और डांडिया की खनक माहौल को उत्सवी बना रही है।

बताया गया कि दिलदार धमाल डांडिया अनूपपुर जिले के प्रमुख और बड़े आयोजनों में शामिल है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय डांडिया प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रतियोगिता के मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिभागियों को करीब एक सप्ताह से प्रतिदिन शाम 6 बजे से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान बच्चे डांडिया की विभिन्न प्रस्तुतियों के साथ तालमेल, स्टेप्स, लय और मंच पर प्रस्तुति देने के तौर-तरीके सीख रहे हैं। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों की प्रतिभा को निखारने के साथ ही उन्हें सामूहिक प्रस्तुति में बेहतर समन्वय के लिए भी तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण में बच्चों की बढ़ती भागीदारी और उत्साह से आयोजन को लेकर माहौल बनने लगा है।

 

प्रतिभागियों का कहना है कि वे इस बार पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे और फाइनल में अपनी जगह बनाने के लिए पूरा दम लगाएंगे। मंच पर आकर्षक परिधानों के साथ उनकी प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेंगी। बच्चों का कहना है कि प्रशिक्षण के दौरान वे अपनी कमियों को दूर करने और प्रस्तुति को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

 

आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे दर्जनों प्रतिभागियों को आगामी दिनों में प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार किया जाएगा। डांडिया की ताल, नवरात्रि की आस्था और युवाओं-बच्चों की ऊर्जा के संगम से इस बार का 11वां सीजन यादगार बनाने की तैयारी है। जैसे-जैसे आयोजन की तारीख नजदीक आएगी, वैसे-वैसे अनूपपुर में डांडिया का रंग और गहराने की उम्मीद है।