मुकेश पटेल 9644544570
अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र से 13 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। बालक के पिता विजय लाल कोल ने पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को आवेदन देकर पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराने और उसकी तलाश कराने की मांग की है। परिजनों के अनुसार बालक 3 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे से लापता है और अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।

पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में प्रार्थी विजय लाल कोल, निवासी वार्ड क्रमांक-10, सामुदायिक भवन क्षेत्र, जिला अनूपपुर ने बताया कि उनका 13 वर्षीय पुत्र सुजल कोल कक्षा 8वीं में अध्ययनरत है। वह अनूपपुर स्थित शंभूनाथ स्कूल में पढ़ाई करता है और प्रतिदिन अनूपपुर से घर आना-जाना करता था।
आवेदन के अनुसार 3 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे सुजल ने अपने परिचितों के माध्यम से परिजनों को संदेश भिजवाया कि वह अपने साथियों के साथ मैहर जा रहा है। इसके बाद परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो सका। अगले दिन 4 अक्टूबर को जब परिजनों ने उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन से कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी।
परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना देने के लिए वे कोतवाली थाना अनूपपुर पहुंचे, लेकिन कथित रूप से थाने में उनकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज नहीं की गई और आवेदन भी लेने से मना कर दिया गया। इसके बाद से परिवार लगातार थाने के चक्कर लगा रहा है। बालक की गुमशुदगी दर्ज नहीं होने से परिजन परेशान हैं।
पुलिस अधीक्षक से लगाई गुहार
पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उनके 13 वर्षीय पुत्र सुजल कोल की गुमशुदगी दर्ज कराने, मोबाइल लोकेशन एवं अन्य माध्यमों से तलाश कराने तथा बालक को सुरक्षित बरामद करने की मांग की है। नाबालिग के अचानक लापता होने से परिजनों में चिंता का माहौल है। परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द बालक का पता लगाने की अपील की है।
लेखक
NewsDose